ऑकलैंड में गूंजा हेमकुंड साहिब का नाम: न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना का विशेष रूप से उल्लेख करने पर श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने गहरा आभार व्यक्त किया है। ट्रस्ट ने वार्षिक पवित्र यात्रा पर आने वाले लाखों सिख श्रद्धालुओं और संगत की ओर से प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया। इस परियोजना का वैश्विक मंच पर जिक्र होना सिख विरासत के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
बुजुर्गों और बच्चों के लिए सुगम होगी हेमकुंड साहिब की कठिन चढ़ाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में इस महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजना को रेखांकित किया। इस रोपवे के बन जाने से तीर्थयात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए हिमालय की यह कठिन चढ़ाई बेहद सरल और सुरक्षित हो जाएगी। इसके साथ ही, इस परियोजना से उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में धार्मिक पर्यटन को भी एक नई गति मिलेगी।
चेयरमैन नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना की
वर्तमान में गोविंदघाट में मौजूद ट्रस्ट के चेयरमैन श्री नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने कहा, “हम माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व और सिख तीर्थयात्रियों के कल्याण के प्रति उनके समर्पण के लिए हृदय से आभारी हैं। यह रोपवे केवल एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि संगत की सेवा का एक पवित्र माध्यम है। हम विनम्र अनुरोध करते हैं कि इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाए ताकि श्रद्धालु जल्द से जल्द इसका लाभ उठा सकें।”
ट्रस्ट ने स्पष्ट किया कि वे यात्रा की पवित्रता और पर्यावरण को बनाए रखते हुए इस परियोजना के सुचारू क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा समन्वय बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।


