उत्तराखंड पुलिस का फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर डीपफेक वीडियो प्रसारित करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार

अजय सिंह
देहरादून: मुख्यमंत्री के ‘अपराध मुक्त उत्तराखंड’ विज़न के तहत, पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ के मार्गदर्शन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (STF) श्री अजय सिंह के कुशल नेतृत्व में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने सोशल मीडिया पर उत्तराखंड पुलिस का प्रतिरूपण करने और एआई (AI) तकनीक का दुरुपयोग करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

मामले का विवरण
आरोपी लुकमान मलिक (उम्र 20 वर्ष, निवासी क्लेमेन्टाउन) इंस्टाग्राम पर “Uttarakhand_police__112” नाम से एक फर्जी प्रोफाइल संचालित कर रहा था। उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीपफेक तकनीक के माध्यम से एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का भ्रामक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इसके अतिरिक्त, वह पुलिस की वर्दी पहनकर रील और तस्वीरें बनाता था ताकि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता और आर्थिक लाभ कमा सके।

तकनीकी जांच और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ ने मेटा व अन्य सेवा प्रदाताओं से डेटा प्राप्त कर तकनीकी विश्लेषण किया। साक्ष्यों के आधार पर 24 जून 2026 को क्लेमेन्टाउन क्षेत्र में दबिश देकर अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से फर्जी आईडी लॉग-इन वाला मोबाइल, डीपफेक वीडियो, फर्जी पुलिस पहचान पत्र और पुलिस पैटर्न की वर्दी बरामद की है। अभियुक्त के खिलाफ साइबर क्राइम थाना देहरादून में मु0अ0सं0 37/2026 के तहत बीएनएस की धारा 204, 221, 336, 356 और आईटी एक्ट की धारा 66(सी) के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मुस्तैद पुलिस टीम के जाबांज मेम्बर
इस सराहनीय कार्य में निरीक्षक त्रिभुवन रौतेला, उपनिरीक्षक रमन बिष्ट, अपर उ0नि0 सुमेर सिंह और कांस्टेबल अजय भण्डारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!