
अजय सिंह
एकेश्वर (पौड़ी)। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तराखंड में 15 दिवसीय “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” (सेवा पखवाड़ा) के द्वितीय चरण का भव्य शुभारंभ हो गया है।
इसी अभियान के तहत अपने विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के द्विवसीय दौरे पर रहे प्रदेश के कैबिनेट मंत्री (पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति) सतपाल महाराज ने रविवार को विकासखंड एकेश्वर के मज्याडी, अमुली ग्वाडमल्ला और पणखेत आदि क्षेत्रों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा के ‘सशक्त मंडल, सशक्त संगठन’ अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलनों में प्रतिभाग किया।
विकास कार्यों को रफ्तार और शिलान्यास
क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने स्थानीय जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती देते हुए महाराज ने एकेश्वर ब्लॉक में कुल ₹75 लाख की विकास योजनाओं की सौगात दी, जिसमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
₹55 लाख की लागत से निर्मित होने वाले मज्याडी से गोची गांव-पिलखेत मोटर मार्ग (1.8 किमी, द्वितीय चरण स्टेज-I) का शिलान्यास।
₹20 लाख की धनराशि से विकासखंड मुख्यालय में बनने वाले ‘टाइप-2’ शासकीय भवन के नवनिर्माण कार्य का भूमि पूजन।
‘सड़क और झील परियोजनाएं बदलेंगी क्षेत्र की तस्वीर’
कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय जनता को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संपूर्ण उत्तराखंड और विशेषकर चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने रेखांकित किया कि सतपुली और स्यूंसी झील जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं आने वाले समय में पूरे क्षेत्र के लिए वरदान साबित होंगी। सड़कों का जाल बिछाने के साथ-साथ बड़ी संख्या में पंचायत भवनों का निर्माण कर त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त किया जा रहा है।
इस अवसर पर भाजपा के युवा नेता सुयश रावत, जिलाध्यक्ष कमल किशोर, जिला मंत्री बृजमोहन, मंडल अध्यक्ष राकेश नैथानी, महामंत्री सुनील व वेद प्रकाश वर्मा, पूर्व प्रमुख नरेंद्र डंडरियाल, विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र भट्ट, युवा मोर्चा महामंत्री पंकज, पूर्व प्रधान जगदम्बा व रमेश डंडरियाल, शक्ति केंद्र संयोजक जयपाल, बूथ अध्यक्ष सुखदेव सिंह, दीपक डंडरियाल, सोशल मीडिया प्रभारी दीपक ग्वाडी, हरवेंद्र सिंह और पूर्व प्रधान देवेश सुंद्रियाल सहित भारी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।



